अंबेडकरनगर। दीपावली, भाई दूज, छठ पूजा और देव दीपावली पर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अकबरपुर नगर पालिका ने तैयारी शुरू कर दी है। इन त्योहारों को ‘स्वच्छ त्योहार-2026’ के रूप में मनाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, पूजा पंडालों और घाटों पर विशेष सफाई होगी। साथ ही आयोजनों को जीरो वेस्ट और जीरो प्लास्टिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बुधवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, कचरे के पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। स्वच्छ भारत मिशन के मंडल कार्यक्रम प्रबंधक वैभव पांडेय, एसएफआई अनुश्री श्रीवास्तव, जलकल अवर अभियंता शैलेंद्र सिंह और जिला कार्यक्रम प्रबंधक हृदयानंद यादव मौजूद रहे।
जीपीएस से होगी कूड़ा गाड़ियों की निगरानी
बैठक में सभी कूड़ा गाड़ियों पर जीपीएस मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए गूगल मैप आधारित रूट तैयार किया जाएगा। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और घरों से ही गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग लेने की व्यवस्था की भी समीक्षा हुई।
अलग-अलग कचरा सीधे एमआरएफ सेंटर पहुंचेगा
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कूड़ा गाड़ियों से पृथक्कृत कचरा सीधे एमआरएफ सेंटर पहुंचाया जाए। वहां कचरे का जल्द और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वार्डों में क्लीनिंग टारगेट यूनिट (सीटीयू) की सफाई पूरी कराने की जिम्मेदारी सफाई नायकों को दी गई। जनजागरूकता के लिए ट्रेनिंग पार्टनर टीम के कामकाज की भी समीक्षा हुई।









