म्यांमार। म्यांमार में जातीय हथियारबंद संगठनों को ट्रेनिंग देने के आरोप में भारत में गिरफ्तार किए गए अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने अपनी गिरफ्तारी को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें और कई यूक्रेनी नागरिकों को भारत में करीब छह महीने तक जेल में रखा गया। यह कार्रवाई रूस-यूक्रेन युद्ध का ही एक हिस्सा थी।
वैनडाइक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह अगले छह महीने तक इस मामले से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे करेंगे। उनके दावे के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी के पीछे रूस की भूमिका थी। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
शर्तों के साथ अमेरिका जाने की मिली अनुमति
मैथ्यू वैनडाइक को भारत से सीमित अवधि के लिए अमेरिका जाने की अनुमति दी गई है। इसके साथ शर्त रखी गई है कि जरूरत पड़ने पर वह भारत लौटेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। उनकी भारत में रहने की अनुमति 24 फरवरी तक बढ़ाई गई है।
इससे पहले उन्हें एक महीने के लिए अमेरिका जाने की इजाजत मिली थी। यह अवधि पूरी होने के बाद वह दिल्ली की अदालत में सुनवाई के लिए वापस लौटे थे।
छह यूक्रेनी नागरिकों को भी मिली थी राहत
इस मामले में वैनडाइक के साथ छह यूक्रेनी नागरिकों को भी अपने देश जाने की अनुमति दी गई थी। यह राहत इस शर्त पर दी गई कि सभी आरोपी भारत लौटकर जांच में शामिल होंगे और जांच एजेंसियों का सहयोग करेंगे।
आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपनी चार्जशीट से संबंधित धारा हटा दी थी।
म्यांमार में ट्रेनिंग देने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों पर म्यांमार में जातीय हथियारबंद संगठनों को प्रशिक्षण देने से जुड़े आरोप लगे थे। इसी मामले में भारतीय एजेंसियों ने उन्हें गिरफ्तार किया था। अब वैनडाइक अपनी गिरफ्तारी को रूस-यूक्रेन युद्ध से जोड़ रहे हैं और आने वाले महीनों में इस मामले पर और जानकारी सार्वजनिक करने का दावा कर रहे हैं।









