जम्मू-कश्मीर। किश्तवाड़ जिले के मारवाह इलाके के जंगल में लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव बुधवार शाम बरामद हुए। दोनों के शव गोलियों से छलनी मिले हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
आर्मी के साथ सर्चिंग पर गए थे दोनों SPO
मृतकों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO आर्मी के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए गए थे। इसी दौरान वे लापता हो गए। उनकी तलाश के बीच बुधवार शाम जंगल में दोनों के शव बरामद किए गए।
दोनों के हथियार मिले गायब
बताया गया है कि दोनों पुलिसकर्मियों के पास एक इंसास राइफल थी, जिसमें 60 राउंड गोलियां थीं। इसके अलावा उनके पास 50 राउंड वाली एक .303 राइफल भी थी। हालांकि, शव बरामद होने के दौरान दोनों हथियार गायब मिले। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
लापता होने के दौरान सुनाई दी थी फायरिंग
दोनों SPO के लापता होने के समय जंगल से गोली चलने की आवाजें भी सुनाई दी थीं। इसके बाद से ही उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही थी। अब दोनों के शव मिलने और हथियार गायब होने के बाद मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।
इलाके में बाधित हुआ था मोबाइल नेटवर्क
दोनों पुलिसकर्मियों के लापता होने के दौरान मारवाह इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई थी। गौरतलब है कि एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को पहली बार मारवाह इलाके में मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी।









