कीव। रूस ने शनिवार रात यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला किया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल हुए हैं।
प्लांट के अहम हिस्सों को नुकसान
क्रिवी रिह स्थित यह यूक्रेन का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया जाता है। मिसाइल हमले के बाद उत्पादन से जुड़े कुछ काम अस्थायी रूप से रोकने पड़े। प्लांट की ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
हमले के बाद दमकलकर्मी, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान जारी रहा।
2022 में भी हुआ था हमला
आर्सेलरमित्तल के इस प्लांट को रूस पहले भी निशाना बना चुका है। वर्ष 2022 में हुए रूसी मिसाइल हमले में प्लांट की एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की मौत हुई थी।
प्लांट में स्टील उत्पादन के लिए बड़े ब्लास्ट फर्नेस और कई अन्य उत्पादन इकाइयां मौजूद हैं। हालिया हमले में भी इन्हीं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचने के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है।
यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में किया ड्रोन हमला
रूस के हमले के जवाब में यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए।
हमले के दौरान रूस की ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक वेयरहाउस में भी आग लग गई। यह गोदाम मॉस्को से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित है।









