नई दिल्ली। चुनाव आयोग गुरुवार से 13 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश में यह प्रक्रिया पांच दिन बाद शुरू होगी। इसके तहत पहले की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में मतदाता सूची से बाहर हुए लोग दोबारा अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
17 राज्यों में 5.86 करोड़ मतदाताओं के नाम घटे
आंकड़ों के मुताबिक, SIR से पहले इन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 64.57 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 58.71 करोड़ रह गई। इस तरह करीब 5.86 करोड़ नाम कम हुए हैं।
छूटे मतदाताओं को दोबारा नाम जुड़वाने का मौका
नई पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान ऐसे मतदाताओं को अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने का अवसर मिलेगा, जिनके नाम पहले की प्रक्रिया में हट गए थे। इस दौरान मतदाताओं के विवरण और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।
नाम दोबारा जुड़ने पर सत्यापन प्रक्रिया पर उठेंगे सवाल
इस पुनरीक्षण के नतीजों पर भी नजर रहेगी। यदि बड़ी संख्या में हटाए गए नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल होते हैं तो पहले हुए सत्यापन पर सवाल उठ सकते हैं। वहीं, कम नाम वापस जुड़ने की स्थिति में यह जांचना जरूरी होगा कि कहीं पात्र मतदाता सूची से बाहर तो नहीं रह गए।
इसलिए पुनरीक्षण के दौरान नए नाम जोड़ने के साथ पात्र मतदाताओं का नाम सूची में बनाए रखना भी अहम होगा।









