वॉशिंगटन। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बुधवार को अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में एक सैनिक ने मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दे दी। घटना उस समय हुई, जब हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि (टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर) के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक महिला हंसने लगी, जिस पर समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक ने नाराजगी जताई।
समाधि के सामने हंसने पर जताई आपत्ति
सैनिक ने वहां मौजूद लोगों को शांत रहने और शहीदों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए कहा। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों के कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। कब्रिस्तान में अज्ञात सैनिक की समाधि को अमेरिकी सैन्य बलिदान और सम्मान का प्रतीक माना जाता है।
ट्रंप के साथ वेटरन्स डे कार्यक्रम में पहुंचे थे हेगसेथ
पीट हेगसेथ बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में आयोजित वार्षिक वेटरन्स डे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उनके साथ पत्नी जेनिफर हेगसेथ और तीन सलाहकार रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ और पैट्रिक वीवर भी मौजूद थे।
पेंटागन ने सैनिक के व्यवहार का किया समर्थन
घटना के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने हेगसेथ का बचाव करते हुए सैनिक के व्यवहार को सही बताया। उन्होंने कहा कि जवान ने अपनी जिम्मेदारी ठीक तरीके से निभाई।
पार्नेल के मुताबिक, रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का हमेशा सम्मान करता आया है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर दिन पर जवान ने सभी को मर्यादा बनाए रखने की उचित याद दिलाई।









