जालंधर। भारत से पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर से जुड़े मामले में अब नया विवाद सामने आया है। नासिर हुसैन की पहली पत्नी साइमा नासर ने लाहौर हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपने पति नासिर हुसैन और सरबजीत कौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साइमा का आरोप है कि नासिर ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना सरबजीत कौर से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद उन्हें उनके चार नाबालिग बच्चों के साथ घर से बाहर कर दिया गया।
बच्चों के भत्ते और घर की मांग
साइमा ने अदालत से अपने चारों बच्चों के लिए मासिक भत्ते की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने रहने के लिए घर उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है।
उनका कहना है कि पति की दूसरी शादी के बाद उनके और बच्चों के सामने रहने और आर्थिक जरूरतों से जुड़ी परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
सरबजीत पर लगाए गंभीर आरोप
साइमा ने सरबजीत कौर को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सरबजीत मोबाइल के जरिए गैर-मर्दों के सामने अश्लील व्यवहार करती हैं और घर में उनके पति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रहती हैं।
साइमा का कहना है कि इस तरह के माहौल का उनके बच्चों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप साइमा की ओर से लगाए गए हैं और इनकी पुष्टि अदालत के स्तर पर होना बाकी है।
कोर्ट से कार्रवाई की मांग
साइमा ने लाहौर हाईकोर्ट से नासिर हुसैन और सरबजीत कौर के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले में अब अदालत की कार्यवाही पर नजर रहेगी।









