दस लाख लेने के बाद मांगे 12 लाख और स्कूटी

दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप

अंबेडकरनगर। दस लाख रुपये लेने के बाद भी एक महिला पर 12 लाख रुपये और स्कूटी की मांग करने का आरोप लगा है। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और नौकरी छीनने की धमकी दी। मामले में जनपद चिकित्सालय में तैनात नर्सिंग ऑफिसर की शिकायत पर जलालपुर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ जबरन वसूली की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पति से परिचय के बाद बढ़ी नजदीकी

जलालपुर थाना क्षेत्र के उफरौली गांव निवासी विभा चौधरी जनपद चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर हैं। उनके पति उपेंद्र कुमार जलालपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय करौंदी में सहायक अध्यापक हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में विभा ने बताया कि उनके पति की मुलाकात वर्ष 2022 में आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र निवासी महिमा सिंह से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद महिमा ने पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देकर उनके पति से नजदीकियां बढ़ाईं और उनके खाते में जमा रुपये भी निकाल लिए।

नौ लाख का लोन लेकर दिए दस लाख रुपये

विभा के मुताबिक, जानकारी होने पर उन्होंने महिमा से अपने परिवार के साथ रहने की बात कही। आरोप है कि इस पर महिमा ने दस लाख रुपये देने के बाद ही वहां से जाने की बात कही। इसके बाद विभा ने नौ लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया और एक लाख रुपये नकद मिलाकर कुल दस लाख रुपये चेक के माध्यम से 14 अक्टूबर को महिमा को दिए। इस संबंध में शपथपत्र पर समझौता भी कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button