अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर चक फरीद गांव में शनिवार सुबह खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। चलते ट्रैक्टर पर पीछे से चढ़ने की कोशिश कर रहा 16 वर्षीय किशोर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। वह ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कक्षा 10 का छात्र था।
चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्राम प्रधान राकेश यादव का ट्रैक्टर खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी सेवानिवृत्त पीआरडी जवान जियालाल यादव का 16 वर्षीय बेटा लकी यादव वहां पहुंचा। वह पीछे से चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर तथा रोटावेटर के बीच गिर गया। रोटावेटर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन आनन-फानन में लकी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर जहांगीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।









