धार्मिक मंच से विकास का एजेंडा, अम्बेडकरनगर के लिए 194 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
अम्बेडकरनगर। पूर्वांचल के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब धाम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विकास और विरासत को साथ लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। कटका थाना क्षेत्र स्थित गोविंद साहब मठ परिसर में आयोजित जनसभा में उन्होंने 706.80 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया और जिले के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
गोविंद साहब मेला अब राजकीय, धार्मिक पहचान को मिला नया दर्जा
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गोविंद साहब धाम को पूर्वांचल की आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए गोविंद साहब मेले को अब राजकीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। इससे मेले के आयोजन और सुविधाओं का विस्तार होगा।
विकास के साथ नॉर्थ कॉरिडोर का भी दिया संकेत
मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्बेडकरनगर तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिला पहले ही दो एक्सप्रेस-वे से जुड़ चुका है। अब अम्बेडकरनगर को नॉर्थ कॉरिडोर से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से रखी गई थी और सरकार इस पर आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि पहले कटेहरी क्षेत्र के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी गई थीं। अब जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 706.80 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई है।









