डे-केयर सेंटर में 53 बच्चों से मारपीट, प्रिंसिपल को 5 साल की जेल

इंडोनेशिया में बच्चों के हाथ-पैर बांधकर रखने का मामला; CCTV फुटेज में फर्श पर पड़े दिखे थे मासूम, परिवारों ने सजा को बताया कम

योग्याकार्ता। इंडोनेशिया के योग्याकार्ता शहर में एक डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में अदालत ने पूर्व प्रिंसिपल को पांच साल जेल की सजा सुनाई है। लिटिल अरेशा डे-केयर सेंटर में कर्मचारियों पर बच्चों के हाथ-पैर कपड़े से बांधकर रखने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप थे। पुलिस जांच में सेंटर के 103 बच्चों में से 53 के साथ बुरा बर्ताव किए जाने की पुष्टि हुई थी।

CCTV फुटेज में सामने आई थी बच्चों की बदहाल स्थिति

यह मामला अप्रैल में सामने आया था, जब सेंटर के CCTV फुटेज सार्वजनिक हुए। इन वीडियो में कई बच्चे केवल डायपर पहने फर्श पर पड़े दिखाई दिए थे। आरोप था कि सेंटर के कर्मचारी बच्चों के हाथ-पैर कपड़े से बांधकर रखते थे। फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि सेंटर में कुल 103 बच्चे मौजूद थे, जिनमें से 53 बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया गया था। इस घटना ने बच्चों की देखभाल और डे-केयर सेंटरों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

पूर्व प्रिंसिपल को पांच साल की सजा

अदालत ने गुरुवार, 19 नवंबर को लिटिल अरेशा सेंटर की पूर्व प्रिंसिपल अनीता पालुपी इंदाहसारी को दोषी ठहराते हुए पांच साल कैद की सजा सुनाई। जज सुनारयांतो ने फैसले में कहा कि अनीता ने बच्चों की देखभाल में लापरवाही बरती। उन्होंने आवश्यक अनुमति के बिना सेंटर संचालित किया और बच्चों के साथ हो रही हिंसा को रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए।

अदालत ने अनीता पर 51 करोड़ इंडोनेशियाई रुपिया का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में उनकी संपत्ति जब्त कर उसकी नीलामी की जाएगी।

सरकारी वकीलों ने मांगी थी 10 साल की सजा

इस मामले में सरकारी वकीलों ने पूर्व प्रिंसिपल के लिए 10 साल जेल की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई। फैसले के बाद पीड़ित बच्चों के परिवारों ने नाराजगी जताई है।

सुनवाई के दौरान मौजूद एक बच्चे की मां त्रि सुसिलावती ने कहा कि बच्चों के साथ जो कुछ हुआ, उसकी तुलना में यह सजा बहुत कम है। उन्होंने सरकारी वकीलों से फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button