जनता दर्शन में सीएम योगी का भरोसा- इलाज के लिए सरकार करेगी पूरी मदद

गोरखनाथ मंदिर में 150 लोगों की समस्याएं सुनीं, जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाने और विवेकाधीन कोष से सहायता देने के निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा।

जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को बीमारी की स्थिति में उपचार की सुविधा मिल सकेगी। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।

जरूरत पड़ने पर विवेकाधीन कोष से मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि आयुष्मान योजना के अलावा भी सरकार उनकी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि यदि उपचार के लिए अतिरिक्त धनराशि की जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेने और उनका समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य संबंधी मामलों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button