अकबरपुर। ‘क्लीन टॉयलेट कैंपेन 2026’ के तहत नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने शनिवार को विभिन्न वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। ‘स्वच्छता और लैंगिक समानता’ थीम पर आयोजित अभियान में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई कराई गई।
अभियान के तहत शिव बाबा, संघतिया, अब्दुल्लापुर और शाहजहांपुर सहित अन्य क्षेत्रों के शौचालयों में सफाई कराई गई। साथ ही शौचालयों को FACES मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। इन मानकों में कार्यक्षमता, सुगमता, स्वच्छता, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था और सुरक्षा शामिल हैं।
शौचालयों में उपलब्ध कराई जा रहीं जरूरी सुविधाएं
अभियान के दौरान शौचालयों में शीशा, हैंडवॉश, तौलिया और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। जिन शौचालयों में टूट-फूट या तकनीकी खामियां मिलीं, वहां मरम्मत का काम भी कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य नागरिकों के लिए शौचालयों को सुविधाजनक बनाना है।
सभी शौचालयों को बेहतर बनाने पर जोर
अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर के सभी सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शौचालयों में पानी, साबुन, शीशा और तौलिया जैसी जरूरी सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
वहीं, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनुश्री श्रीवास्तव ने बताया कि शिव बाबा, संघतिया, अब्दुल्लापुर और शाहजहांपुर में विशेष सफाई और मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। शौचालयों के रखरखाव और स्वच्छता मानकों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
अभियान के दौरान स्वच्छता प्रभारी इसराइल, ओमप्रकाश सुमन, आशीष शुक्ला, अमित श्रीवास्तव, नितेश, राजकुमार और अंकित अग्रहरि सहित नगर पालिका के कर्मचारी और सफाई मित्र मौजूद रहे।









