अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के चांडीपुर कला गांव में बालू खनन से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि समीपवर्ती फरीदपुर गांव में बालू खनन का पट्टा होने के बावजूद खनन में लगे भारी वाहन चांडीपुर कला के रास्तों से गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से गांव के तीनों मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब आठ वर्षों से वे इस समस्या का सामना कर रहे हैं।
भारी वाहनों ने तोड़े रास्ते, मंदिर और किले तक पहुंचना मुश्किल
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में राजा मकरध्वज का किला और बाबा बरुआ का मंदिर स्थित है। यहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों का आना-जाना रहता है। सड़कें खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गांव के श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता भी प्रभावित है। इससे अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बालू और धूल से फसलों को नुकसान का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान उड़ने वाली बालू और धूल आसपास के खेतों तक पहुंचती है। इससे किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ धूल की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि शिकायतों पर ठोस कार्रवाई के बजाय संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया जाता रहा है।









