अम्बेडकरनगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक तीखी बहस और हंगामे के बीच संपन्न हुई। बैठक में सभासदों ने कर व्यवस्था, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विकास कार्यों के भुगतान सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। लंबी चर्चा के बाद बोर्ड ने कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला बढ़े हुए हाउस टैक्स को लेकर रहा। सभासदों ने नए कर निर्धारण पर आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने का प्रस्ताव रखा, जिसे बोर्ड ने मंजूरी दे दी।
पुराने आधार पर होगी हाउस टैक्स की वसूली
बोर्ड के निर्णय के अनुसार अब नगर पालिका क्षेत्र में हाउस टैक्स की वसूली पुराने कर निर्धारण के आधार पर की जाएगी। इसमें केवल 10 प्रतिशत की वृद्धि लागू होगी। नए हाउस टैक्स बिलों को निरस्त करने के प्रस्ताव पर सभी सभासदों ने सहमति जताई।
यह मुद्दा बैठक के दौरान सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा और इस पर पक्ष-विपक्ष के बीच विस्तार से बहस हुई।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी बनी सहमति
बैठक में नगर क्षेत्र में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। सभासदों ने हॉलमार्क ईंटों की अनिवार्यता समाप्त करने का प्रस्ताव रखा। उनका तर्क था कि निर्माण कार्यों में निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ईंटों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति मिल गई।









