आगरा में पुलिस को चकमा देकर होटल से निकला आरोपी

CCTV में सीढ़ियों से जाता दिखा

  • हिमाचल प्रदेश से पेशी पर लाया गया था राजवीर, होटल में तीन पुलिसकर्मी कर रहे थे निगरानी
  • देर रात 1:40 बजे कमरे से निकलने के बाद दीवानी पहुंचने की मिली जानकारी

आगरा। आगरा में हिमाचल प्रदेश से अदालत में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर होटल से बाहर निकल गया। घटना सोमवार देर रात मदिया कटरा स्थित एक होटल की है। आरोपी रात करीब 1:40 बजे कमरे से बाहर निकला और लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों से उतरकर होटल से चला गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।

बाद में आरोपी के आगरा दीवानी पहुंचने की जानकारी सामने आई। हालांकि, वह वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और पुलिसकर्मियों ने उसे दोबारा अपनी निगरानी में लिया या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

पिनाहट का रहने वाला है राजवीर

आरोपी की पहचान राजवीर पुत्र प्रसादी के रूप में हुई है। वह आगरा के पिनाहट क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे हिमाचल प्रदेश से अदालत में पेशी के लिए आगरा लाया गया था। मंगलवार को उसकी आगरा दीवानी में पेशी होनी थी।

इसी सिलसिले में तीन पुलिसकर्मी सोमवार दोपहर उसे लेकर मदिया कटरा स्थित होटल पहुंचे थे। रात में आरोपी इसी होटल के कमरे में ठहरा हुआ था।

CCTV फुटेज में सीढ़ियों से बाहर जाता दिखा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1:40 बजे राजवीर कमरे से बाहर निकला। उसने लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं किया और सीढ़ियों से नीचे उतरकर होटल से बाहर चला गया। होटल के सीसीटीवी फुटेज में भी उसे सीढ़ियों से उतरकर बाहर जाते हुए देखा गया है।

आरोपी के गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button