हाईवे किनारे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

कानपुर के महाराजपुर में महोली मोड़ के पास मिली 29-30 वर्षीय युवती की लाश; कपड़े अस्त-व्यस्त, पहचान के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गईं

कानपुर। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे किनारे शुक्रवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव महोली स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने हाईवे किनारे पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस, एसीपी और डीसीपी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

युवती की उम्र करीब 29 से 30 साल बताई जा रही है। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं और मुंह व नाक से खून निकल रहा था। शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। हालात को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

12 से 15 घंटे पुराना बताया जा रहा शव

ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह शव देखकर डायल-112 और महाराजपुर थाने को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी, एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह, एडीसीपी शिवा सिंह और डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम ने शव के आसपास काफी देर तक जांच की, लेकिन मौके से ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे युवती की पहचान हो सके। फोरेंसिक टीम के शुरुआती आकलन के मुताबिक शव करीब 12 से 15 घंटे पुराना है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को हाईवे किनारे लाकर फेंका गया हो सकता है।

प्रेम प्रसंग और दुष्कर्म के एंगल से जांच

पुलिस युवती की पहचान और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में युवती के अविवाहित होने की बात सामने आई है। पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को भी जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल इनमें से किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं पुलिस की चार टीमें

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह के मुताबिक, युवती की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।

कानपुर के साथ आसपास के जिलों और प्रदेश के अन्य थानों में भी युवती की तस्वीर और वीडियो भेजे गए हैं, ताकि किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से उसका मिलान किया जा सके। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button