आगरा में चोरों ने ट्रांसफार्मर गिराकर निकाला कॉपर, ट्यूबवेल से केबल भी चोरी

डौकी और पूठा झील क्षेत्र में वारदात से किसान परेशान, एसीपी ने जल्द गिरोह की गिरफ्तारी का दावा किया

आगरा। जिले के डौकी थाना क्षेत्र में चोरों ने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें से कॉपर चोरी कर लिया। चोर ट्रांसफार्मर को नीचे गिराकर उसके अंदर से कॉपर निकाल ले गए। इसके अलावा पूठा झील क्षेत्र में एक किसान के ट्यूबवेल से कई मीटर केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं।

ट्रांसफार्मर गिराकर निकाला कॉपर

डौकी थाना क्षेत्र के कोलारा कलां गांव के पास हर्षित तोमर का नलकूप है। चोरों ने यहां लगे ट्रांसफार्मर को नीचे गिरा दिया और उसके अंदर से कॉपर निकालकर ले गए। घटनास्थल के पास एक बैग भी मिला, जिसमें कपड़े रखे हुए थे।

हर्षित तोमर ने घटना की जानकारी डौकी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में चोरों का सुराग तलाश रही है।

ट्यूबवेल से कई मीटर केबल चोरी

वहीं, पूठा झील में किसान सचिन के ट्यूबवेल को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से चोर कई मीटर बिजली की केबल चोरी कर ले गए। किसानों के मुताबिक, आसपास के गांवों में खेतों पर लगे ट्यूबवेलों से केबल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे सिंचाई और खेती से जुड़े काम प्रभावित होने की आशंका है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button