कानपुर। के शिवकटरा इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बुधवार को घर लौट रही एक महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ की एक उंगली कटकर अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले कांशीराम ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना नगर निगम जोन-2 के शिवकटरा इलाके में शंभू आटा चक्की के पास प्रेम गुप्ता वाली गली की है। हमले की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका फुटेज मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम से इलाके में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।
काम से लौट रही थी महिला, रास्ते में कुत्ते ने किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल महिला की पहचान रचना उर्फ मंजू के रूप में हुई है। वह घरों में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। घटना के समय वह काम खत्म करके घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।
कुत्ते ने महिला के हाथ को बुरी तरह नोच लिया। हमले में उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई और सड़क पर गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कटी हुई उंगली को पन्नी में सुरक्षित रखा और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
एक सप्ताह से शिकायत, वार्ड की सीमा बताकर टालते रहे जिम्मेदार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमले से पहले भी वे इस कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर निगम अधिकारियों और पार्षद से शिकायत कर रहे थे। लोगों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर जिम्मेदार अधिकारी वार्ड की सीमा का हवाला देकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। किसी ने इलाके को एक वार्ड का हिस्सा बताया तो किसी ने दूसरे वार्ड का। इस वजह से कुत्ते को पकड़ने की कार्रवाई नहीं हो सकी।









