अंबेडकरनगर। जिले में युवाओं और नए उद्यमियों के बीच स्वरोजगार योजनाओं को लेकर अच्छी भागीदारी सामने आई है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में निर्धारित लक्ष्य 2,200 के मुकाबले 2,581 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की कुल धनराशि 2,341.39 लाख रुपये रही। इन योजनाओं की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक हुई।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली बैठक के फैसलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और निवेश मित्र पोर्टल की प्रगति पर चर्चा हुई।
युवा उद्यमी विकास अभियान में लक्ष्य से अधिक आवेदन
समीक्षा के दौरान सामने आया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2,200 के लक्ष्य के सापेक्ष 2,581 आवेदन मिले हैं। वहीं, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 236 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 52 आवेदन स्वीकृत किए गए और 49 पर ऋण वितरित किया गया।
ओडीओपी और रोजगार सृजन योजना की स्थिति
ओडीओपी ऋण योजना के तहत 114 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 37 स्वीकृत किए गए और 31 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 377 आवेदन मिले। इनमें 259 आवेदन स्वीकृत हुए और 246 पर ऋण वितरण किया गया। इन स्वीकृत परियोजनाओं की कुल धनराशि 2,341.39 लाख रुपये बताई गई।
लंबित ऋण आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक और बैंकर्स को लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं और उद्यमियों को ऋण के लिए अनावश्यक रूप से बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी पात्र आवेदकों को शासन की मंशा के अनुरूप समय से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए।









