वाहिद अंसारी मुठभेड़ कांड की होगी मजिस्ट्रेटी जांच

एसडीएम राहुल गुप्ता को सौंपी जिम्मेदारी

  • शिवबाबा धाम में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारा गया था बिल्लू इंदौरी गैंग का कथित शूटर, डीएम ने दिए जांच के आदेश

अंबेडकरनगर। अकबरपुर के शिवबाबा धाम परिसर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए वाहिद अंसारी के मामले में अब मजिस्ट्रेटी जांच होगी। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जांच की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी आलापुर राहुल गुप्ता को सौंपी है। उन्हें पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश के बाद मुठभेड़ का मामला फिर चर्चा में आ गया है।

दरअसल, 17-18 नवंबर की रात वाहिद अंसारी अपने एक साथी के साथ बाइक से अयोध्या की ओर से अकबरपुर आ रहा था। पुलिस के अनुसार, शिवबाबा धाम परिसर के पास पुलिस टीम से उसका सामना हो गया। इसी दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। पुलिस का दावा है कि बदमाशों की फायरिंग में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हुए थे। जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका साथी मौके से फरार हो गया था।

बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी थी गोली, मौके पर मौजूद रहीं एसपी
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की भूमिका भी चर्चा में रही। बताया गया कि गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी थी। इसके बावजूद वह घटनास्थल पर मौजूद रहकर पुलिस टीम का नेतृत्व करती रहीं। मुठभेड़ में वाहिद की मौत के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी।

गोलीबारी से लेकर पुलिस की कार्रवाई तक होगी जांच
मजिस्ट्रेटी जांच में मुठभेड़ की परिस्थितियों और घटनास्थल पर हुई कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। इसमें गोलीबारी की शुरुआत, पुलिस की जवाबी कार्रवाई और घटनाक्रम के दौरान बनी परिस्थितियों की जांच शामिल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button