सरयू की लहरों में थम गई 17 साल के प्रभात की जिंदगी

रातभर तलाश के बाद मिला शव

अंबेडकरनगर। जिस बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद में परिवार की निगाहें पूरी रात सरयू नदी की ओर टिकी रहीं, बुधवार सुबह उसकी मौत की खबर ने सारी उम्मीदें तोड़ दीं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन बिड़हर घाट सेतु से सरयू में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय प्रभात गिरी का शव बुधवार सुबह बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान कटका थाना क्षेत्र के पिंडोरिया गांव निवासी प्रदीप कुमार गिरी के पुत्र प्रभात गिरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रभात बिड़हर घाट सेतु पर पहुंचा था। इसी दौरान उसने पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जहांगीरगंज पुलिस पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई।

रातभर नदी में तलाश, सुबह खत्म हुई परिवार की उम्मीद
प्रभात को खोजने के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। परिजन और स्थानीय लोग भी उसके सुरक्षित मिलने की आस लगाए रहे। घंटों की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह नदी से प्रभात का शव बरामद हुआ। जिस खबर का परिवार को डर था, आखिरकार वही सामने आई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकरनगर भेज दिया।

बिड़हर घाट सेतु पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर फिर उठे सवाल
प्रभात की मौत के बाद बिड़हर घाट सेतु पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के बीच पुल पर सुरक्षा अवरोध, निगरानी और चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत पर चर्चा हो रही है। कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े पर्व पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुल और घाट के आसपास सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करना जरूरी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button