गलत जन्म प्रमाणपत्र जारी करने पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित

अंबेडकरनगर। गलत जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी सरिता शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ पांच आरोपों में विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी शुरू की गई है। डीएम ईशा प्रिया के निर्देश पर डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने निलंबन आदेश जारी किया।

सरिता शुक्ला की तैनाती टांडा विकासखंड में थी। आरोप है कि उन्होंने कटेहरी विकासखंड की ग्राम पंचायत सेमरी में आलोक कुमार पुत्र भूति का गलत जन्म प्रमाणपत्र जारी किया था।

इस मामले में 15 सितंबर 2026 को जांच आख्या तैयार की गई थी। इसके बाद 22 सितंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की गई।

विशेष ऑडिट की अनुपालन आख्या नहीं देने का भी आरोप

विभागीय आदेश में सरिता शुक्ला पर कटेहरी में तैनाती के दौरान ग्राम पंचायतों की विशेष ऑडिट अनुपालन आख्या प्रस्तुत नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्ध आचरण करने के आरोप शामिल हैं।

टांडा विकासखंड कार्यालय से संबद्ध

निलंबन अवधि में सरिता शुक्ला को टांडा विकासखंड कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विभागीय जांच के लिए एडीओ पंचायत अकबरपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने निलंबन की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button