
पाकिस्तान की हार के बाद खुशदिल शाह ने दर्शकों से लड़ाई की कोशिश की, सिक्योरिटी ने किया रोक।
PCB ने अफगानी फैंस पर लगाए अभद्र भाषा के आरोप, खुशदिल शाह की प्रतिक्रिया।
पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच के दौरान लाइट की गड़बड़ी ने भी दर्शकों को किया हैरान।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के ऑलराउंडर खुशदिल शाह शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद गुस्से में दर्शकों से भिड़ने की कोशिश करते हुए नजर आए। कुछ फैंस पाकिस्तान की हार के बाद गालियां दे रहे थे, जिससे खुशदिल शाह अपना आपा खो बैठे और गुस्से में दर्शकों की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, सिक्योरिटी टीम ने तुरंत हस्तक्षेप किया और खुशदिल को स्थिति से बाहर निकाला।
न्यूजीलैंड ने माउंट मैन्गानुई में खेले गए तीसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम 221 रन पर सिमट गई, जिससे उन्हें लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले, पाकिस्तान को 5 टी-20 मैचों की सीरीज में भी 4-1 से हार मिली थी।
मैच खत्म होने के बाद दो फैंस ने पाकिस्तानी टीम और खिलाड़ियों को गालियां देना शुरू कर दिया, जिससे खुशदिल शाह गुस्से में आ गए। वे मैदान से बाहर फैंस से भिड़ने के लिए दौड़े, लेकिन सिक्योरिटी टीम ने उन्हें रोक लिया। गालियां देने वाले फैंस को भी सिक्योरिटी गार्ड्स ने स्टेडियम से बाहर किया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस घटना पर बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि खुशदिल शाह ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाते हुए फैंस से शांति बनाए रखने की अपील की थी, लेकिन अफगानी फैंस ने इसके बावजूद अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे स्थिति बिगड़ गई।
इस मैच के दौरान एक और घटना हुई जब 39वें ओवर के दौरान लाइट चली गई और खेल कुछ देर के लिए रुक गया। कुछ समय बाद लाइट्स ठीक हो गईं और खेल जारी रखा गया।








