
42 गेंदों में शतक जड़ने वाले प्रियांश को सिद्धू ने बताया ‘चमत्कार’, बोले- भारत के लिए करेगा लंबा खेल
आईपीएल में पहली बार शतक जड़ने वाले प्रियांश को मिला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, सिद्धू बोले- ये हीरा है
सीएसके के खिलाफ शतक से चमके प्रियांश आर्य, नवजोत सिंह सिद्धू ने की मास्टर ब्लास्टर से तुलना
नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 22वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले के हीरो रहे युवा बल्लेबाज़ प्रियांश आर्य, जिन्होंने केवल 42 गेंदों में शतक ठोककर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी। ये शतक न केवल उनके आईपीएल करियर का पहला था, बल्कि साल 2010 के बाद टूर्नामेंट का सबसे तेज़ शतक भी बन गया।
प्रियांश ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और फिर अगली 20 गेंदों में इसे शतक में तब्दील कर दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत पंजाब ने मैच में बढ़त बनाई और जीत अपने नाम की। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच से भी नवाजा गया।
इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रियांश की तुलना दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से की जा रही है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मौजूदा कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रियांश की तारीफ करते हुए कहा कि,
“सचिन के बाद यह दूसरा खिलाड़ी है जो चमत्कार है। वह भारत के लिए सिर्फ खेलेगा ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक खेलेगा।”
सिद्धू ने प्रियांश की शॉट रेंज की तुलना मोहम्मद अजहरुद्दीन और गुंडप्पा विश्वनाथ से की और मजाकिया लहजे में कहा –
“गोरी है कलाइयां नहीं, ये हैं तकड़ी कलाइयां।”
सिद्धू के इस बयान ने क्रिकेट प्रेमियों में प्रियांश को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं। प्रियांश आर्य की यह पारी भारतीय क्रिकेट के भविष्य की एक झलक के रूप में देखी जा रही है।








