- तेजतर्रार शतक से चमके बिहार के लाल
- सिर्फ 35 गेंदों में वैभव ने जड़ा आईपीएल का तूफानी शतक
- सवाई मानसिंह स्टेडियम बना ऐतिहासिक पारी का गवाह
मुंबई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले 14 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को 10 लाख रुपये की इनाम राशि देने की घोषणा की। वैभव ने सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
वैभव ने रचा इतिहास
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी पारी में 7 चौके और 11 छक्कों की मदद से 101 रन बनाए। इसके साथ ही वे आईपीएल में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। साथ ही, वे टी20 प्रारूप में शतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने।
नीतीश कुमार ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा, “आईपीएल के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र (14 वर्ष) के खिलाड़ी बने बिहार के वैभव सूर्यवंशी को बधाई। उनकी मेहनत और प्रतिभा ने भारतीय क्रिकेट में नई उम्मीद जगाई है। मैंने 2024 में उन्हें और उनके पिता को मिलकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की थी। आज उनके शानदार प्रदर्शन पर मैंने फोन पर भी बधाई दी। बिहार सरकार की ओर से उन्हें 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।”
चिराग पासवान ने भी की तारीफ
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी वैभव के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “पार्टी की ओर से मैं वैभव सूर्यवंशी को शुभकामनाएं देता हूं। वे एक युवा प्रतिभा हैं और इस उम्र में उन्होंने शानदार शुरुआत की है। उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है।” वैभव सूर्यवंशी का यह प्रदर्शन न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वे भविष्य में भारतीय टीम के लिए भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।








