- पाकिस्तान को जवाब: भारत ने चिनाब नदी का पानी रोका
- सिंधु जल संधि निलंबन के बाद बड़ा कदम
- पहलगाम हमले पर PM मोदी की सेना प्रमुखों से बैठक
जम्मू-कश्मीर। पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि निलंबित करने के बाद भारत ने रविवार को चिनाब नदी का पानी रोक दिया। पीटीआई के अनुसार, जम्मू के रामबन स्थित बागलिहार बांध से चिनाब का जल प्रवाह अवरुद्ध किया गया। साथ ही, कश्मीर में किशनगंगा बांध के माध्यम से झेलम नदी का पानी रोकने की योजना पर भी काम चल रहा है।
पहलगाम हमले पर PM मोदी की सेना प्रमुखों से चर्चा
नई दिल्ली: वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले और सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई। पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी लगातार सेना के शीर्ष अधिकारियों से मिल रहे हैं। शनिवार को उन्होंने नौसेना प्रमुख के साथ भी बैठक की थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सख्त संदेश
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक कार्यक्रम में कहा, “भारत पर बुरी नजर रखने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना मेरी जिम्मेदारी है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरा जाएगा।”
ओवैसी ने पीएम से उठाए सख्त कदम की अपील
हैदराबाद: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि पीएम मोदी ऐसा कदम उठाएंगे कि पाकिस्तान भारत में घुसपैठ या हमले से पहले 100 बार सोचेगा।”
ताजा घटनाक्रम:
- सिंधु जल संधि निलंबन के बाद चिनाब का पानी रोका गया।
- पहलगाम हमले को लेकर पीएम मोदी ने वायु सेना प्रमुख से मुलाकात की।
- रक्षा मंत्री ने दुश्मनों को “मुंहतोड़ जवाब” देने का वादा किया।
- ओवैसी ने सख्त कार्रवाई की मांग की।








