- भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ा, पाकिस्तान के हमले का भारतीय सेना ने दिया माकूल जवाब
- भारतीय सेना ने पाकिस्तानी हमलों को नाकाम किया, S-400 सिस्टम से मिली सफलता
- विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर भारतीय सेना का किया समर्थन
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। पाकिस्तानी सेना ने सीमावर्ती राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात पर हमले किए, लेकिन भारतीय सेना ने S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की मदद से इन हमलों को विफल कर दिया। इसके अलावा, भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के लाहौर, कराची और रावलपिंडी स्थित HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया।
सेना की जांबाजी पर देश ने जताया गर्व
भारतीय सैनिकों की वीरता की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। क्रिकेटर विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर सेना का हौसला बढ़ाया। उन्होंने लिखा, “इस संकट की घड़ी में हम अपनी सेना को सलाम करते हैं, जो इतने मुश्किल समय में भी देश की रक्षा कर रहे हैं। सेना की इस बहादुरी के लिए हम हमेशा कर्जदार रहेंगे।”
उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी सेना के प्रति आभार जताते हुए लिखा, “हम भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी हैं, जिन्होंने इस मुश्किल समय में हमारी रक्षा की है। उनके और उनके परिवारों के बलिदान के लिए हार्दिक आभार। जय हिंद!”
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “हर बीतते पल के साथ, हमारी भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना पर गर्व होता है। हमारे जवान देश की रक्षा में डटे हैं। हर भारतीय की जिम्मेदारी है कि वह फर्जी खबरों से बचे और देश की एकता को मजबूत करे।”
S-400 ने दिखाई ताकत
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, भारत के S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी घुसपैठ और हमलों को विफल कर दिया। इसके साथ ही, भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के महत्वपूर्ण रक्षा ठिकानों को निशाना बनाकर उनकी रणनीति को ध्वस्त कर दिया।
सरकार और सेना प्रमुखों ने देशवासियों से शांति और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि भारत किसी भी आक्रामक कार्रवाई का मजबूती से जवाब देने के लिए तैयार है।








