अकबरपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर बाजार स्थित महारानी गीता देवी शिक्षण संस्थान के पूर्व छात्र अभिनव पांडेय ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 में सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अभिनव पांडेय ने अपनी मेहनत और लगातार प्रयास के बल पर पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद हासिल किया है। इससे पहले भी वह कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
रेलवे ग्रुप डी से शुरू हुआ सफलता का सफर
अभिनव पांडेय ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा महारानी गीता देवी शिक्षण संस्थान, मालीपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की।
वर्ष 2023 में उन्होंने रेलवे ग्रुप डी परीक्षा में सफलता प्राप्त की। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2025 में भी चयनित हुए। लगातार तैयारी जारी रखते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की।
ड्यूटी के साथ की परीक्षा की तैयारी
अभिनव पांडेय वर्तमान में बस्ती जिले में पुलिस सेवा में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने परीक्षा की तैयारी जारी रखी। दिन में ड्यूटी करने के बाद रात के समय बैरक में पढ़ाई कर लक्ष्य को हासिल किया।
उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन नियमित अध्ययन और मेहनत के कारण सफलता मिली।
कनकपुर गांव के रहने वाले हैं अभिनव
अभिनव पांडेय मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय रामेंद्र नाथ पांडेय और दादा स्वर्गीय पुरुषोत्तम नाथ पांडेय थे।
साधारण परिवार से आने वाले अभिनव ने अपने प्रयासों से पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पुलिस सेवा के माध्यम से लोगों की सहायता और सुरक्षा करना है।









