हर महीने पकड़े जाएंगे निराश्रित स्वान, एंटी रेबीज टीकाकरण भी होगा

डीएम ईशा प्रिया ने नगर निकायों को विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा के इंतजाम करने पर जोर

अंबेडकरनगर। निराश्रित स्वानों से लोगों की सुरक्षा के लिए जिले में हर महीने विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्वानों को पकड़कर पशुपालन विभाग के समन्वय से एंटी रेबीज टीकाकरण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपद स्तरीय समिति की बैठक में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को इस दिशा में नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शासन के निर्देश पर आयोजित बैठक में निराश्रित स्वानों से उत्पन्न जोखिमों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के उपायों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि वे हर महीने विशेष अभियान चलाने की व्यवस्था करें। स्वानों को पकड़ने से लेकर उनके टीकाकरण तक की प्रक्रिया में पशुपालन विभाग से समन्वय बनाए रखें।

स्कूलों और सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा पर भी निर्देश

जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और निराश्रित स्वानों के प्रबंधन में समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरएम रोडवेज, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button