अंबेडकरनगर। पहली पत्नी और तीन बच्चों के रहते युवक ने दूसरी युवती से कोर्ट मैरिज कर ली। पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहली पत्नी ने विरोध जताया। बुधवार को वह सम्मनपुर थाने पहुंची और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उसने बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए पति की संपत्ति में उनका हिस्सा सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई।
आठ साल पहले हुई थी शादी, मुंबई में करता था मजदूरी
मामला सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला के मुताबिक, करीब आठ वर्ष पहले उसकी शादी दूसरे गांव के युवक से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। शादी के बाद युवक कामकाज के सिलसिले में मुंबई चला गया और वहां रहकर मेहनत-मजदूरी करने लगा।
मुंबई में बढ़ीं नजदीकियां, फिर कर ली कोर्ट मैरिज
महिला का आरोप है कि मुंबई में रहने के दौरान युवक का संपर्क एक युवती से हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद युवक ने युवती के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। इसकी जानकारी पहली पत्नी को हुई तो उसने विरोध शुरू कर दिया।
बच्चों के भविष्य को लेकर पुलिस से लगाई गुहार
बुधवार को महिला सम्मनपुर थाने पहुंची और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। उसने पति के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही तीनों बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। महिला का कहना है कि पति की संपत्ति में बच्चों का हिस्सा सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके भविष्य पर असर न पड़े।









