छह किलोमीटर का फासला बना किसानों की परेशानी, गन्ना क्रय केंद्र पर धरना

भरतपुर से भरौली ले जाने के फैसले पर विरोध, बोले किसान- पुरानी जगह पर ही हो गन्ने की तौल

अंबेडकरनगर। ब्रह्मचारी बाबा गन्ना क्रय केंद्र का स्थान बदलने के फैसले ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भरतपुर से क्रय केंद्र हटाकर भरौली गांव के पास स्थापित किए जाने के विरोध में बुधवार को आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसान धरने पर बैठ गए। किसानों ने साफ कहा कि क्रय केंद्र को ब्रह्मचारी बाबा कुटी के पास से हटाकर दूसरी जगह ले जाना उन्हें मंजूर नहीं है। उन्होंने पूर्व स्थल पर ही गन्ने की तौल कराने की मांग उठाई।

दूरी बढ़ी तो ढुलाई का खर्च भी बढ़ेगा
किसानों के मुताबिक, पहले क्रय केंद्र भरतपुर में संचालित होता था। इससे आसपास के गांवों के गन्ना उत्पादकों को अपनी उपज पहुंचाने में आसानी होती थी। अब केंद्र को करीब छह किलोमीटर दूर भरौली के पास ले जाने की तैयारी है। इससे भरतपुर, बरोही पांडे का पूरा, कमालपुर, सिंहलपट्टी, आराजी देवारा, माझा कमहरिया और इंदौरपुर घिन्हापुर समेत कई गांवों के किसानों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। किसानों का कहना है कि इससे गन्ने की ढुलाई पर खर्च बढ़ेगा और समय भी अधिक लगेगा।

ट्रैक्टर-ट्रालियों के खड़े होने की जगह पर भी सवाल
प्रस्तावित स्थल को लेकर किसानों ने जगह की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि वहां पर्याप्त स्थान नहीं है। ऐसे में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों को खड़ा करने और उनके आवागमन में दिक्कत हो सकती है। किसानों के अनुसार, पेराई सत्र में गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों को पहले ही लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button