- एडीओ आईएसबी पर पुनर्बहाली के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने और जबरन कार में बैठाने की कोशिश का आरोप
- चार हजार रुपये देने का भी दावा; दो थानों में शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
अंबेडकरनगर। सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर रही महिला ने एडीओ आईएसबी पर छेड़छाड़ और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि करीब दो माह पहले उससे शौचालय की जिम्मेदारी लेकर दूसरे व्यक्ति को सौंप दी गई थी। दोबारा काम दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे गए। विरोध करने पर अभद्रता की गई और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया गया। मामले में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए महिला न्याय के लिए थानों के चक्कर लगा रही है।
मामला सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के मुताबिक, वह गांव के सामुदायिक शौचालय में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। करीब दो माह पहले एडीओ आईएसबी ने उसे जिम्मेदारी से हटाकर दूसरे व्यक्ति को सफाई का काम दे दिया। इसके बावजूद वह शौचालय पर काम करती रही और गूगल मैप के माध्यम से अपनी उपस्थिति की तस्वीरें भी अपलोड करती रही।
महिला का आरोप है कि दोबारा जिम्मेदारी दिलाने के लिए एडीओ ने 10 हजार रुपये मांगे थे। इसमें से चार हजार रुपये उसने दे दिए थे। शेष छह हजार रुपये के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि चार नवंबर को कर्बला बाजार में एडीओ ने शेष रकम छोड़ने की बात कहते हुए उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। इस दौरान छेड़छाड़ करते हुए अभद्र बातें भी की गईं।









