- 700 मीटर खड़ंजा मार्ग के निर्माण, टूटे संपर्क मार्ग की मरम्मत और पात्रों को आवास दिलाने की मांग
अंबेडकरनगर। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर शनिवार को सम्मनपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुलेमपुर पहुंचे। उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाला, आवास और संपर्क मार्ग से जुड़ी समस्याओं को लेकर लिखित शिकायतें दीं।
700 मीटर खड़ंजा मार्ग बनवाने की मांग
ग्रामीणों ने राम पूजन राजभर के खेत से मेवालाल राजभर के खेत के आगे नाले तक करीब 700 मीटर लंबे खड़ंजा मार्ग के नए निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों के अनुसार रास्ते की हालत खराब होने से आवागमन में परेशानी होती है।
सुलेमपुर में कई रास्ते कच्चे और मिट्टी के हैं। बारिश के बाद इनमें जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों ने आसमानपट्टी रोड से मुख्य मार्ग होते हुए बरियावन-किछौछा संपर्क मार्ग तक टूटे रास्ते की मरम्मत कराने की मांग भी की।
आवास और बारातघर की भी मांग
ग्रामीणों ने राजभर बस्ती में कॉलोनी के पास पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इसके अलावा महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा स्थापित कराने और बारातघर बनवाने की मांग भी प्रभारी मंत्री के सामने रखी गई।
जन चौपाल में सुरेंद्र राजभर, चंदन राजभर, राजकुमार, धर्मेंद्र कुमार राजभर, रामदास, शिव बहादुर सिंह, रामजतन राजभर, सुनील, मेवालाल, रविंद्र, रामरूप, रामदुलार, दिनेश यादव और राम रहीम राजभर समेत अन्य ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं।
पूर्व प्रधानाचार्य के घर भी पहुंचे
जन चौपाल के बाद प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर पूर्व प्रधानाचार्य सत्यनारायण सिंह के घर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं की जानकारी भी दी।









