गोविंद साहब धाम जाने से पहले पढ़ लें नया ट्रैफिक प्लान

मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा, बसों और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था

अम्बेडकरनगर। गोविंद साहब धाम में 7 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर जिले की यातायात व्यवस्था बदल दी गई है। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग की नई व्यवस्था जारी की है। जनसभा के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को तय स्थानों पर रोका जाएगा।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था केवल जनसभा के दिन प्रभावी रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।

बसों का ठहराव अमोला बुजुर्ग में

आलापुर और जहांगीरगंज की ओर से आने वाली बसें न्यौरी फ्लाईओवर के नीचे से होकर जलालपुर रोड स्थित अमोला बुजुर्ग में पार्क की जाएंगी।

मालीपुर और जलालपुर से आने वाली बसों के लिए भी अमोला बुजुर्ग में ही पार्किंग तय की गई है।

वहीं अकबरपुर, बसखारी और टांडा की ओर से आने वाली बसें भी न्यौरी फ्लाईओवर के रास्ते अमोला बुजुर्ग पहुंचेंगी। आजमगढ़ से आने वाली बसों को भी इसी स्थान पर खड़ा कराया जाएगा।

दाऊतपुर में खड़े होंगे छोटे वाहन

चार पहिया और दो पहिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। मालीपुर की ओर से आने वाले वाहन रुस्तमपुर से दाईं ओर मुड़कर दाऊतपुर स्थित सुनील सिंह की बाग के पास पार्क किए जाएंगे।

आलापुर, जहांगीरगंज, टांडा और बसखारी की ओर से आने वाले छोटे वाहन न्यौरी फ्लाईओवर के नीचे से जलालपुर रोड होते हुए रुस्तमपुर पहुंचेंगे। यहां से बाईं ओर मुड़कर दाऊतपुर स्थित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े किए जाएंगे।

पार्किंग स्थल से लोगों को सर्किट हाउस होते हुए पैदल जनसभा स्थल तक जाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button