अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बेवाना तिराहा स्थित पाल टेंट हाउस के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान बेवाना निवासी कमला देवी (55) पत्नी स्वर्गीय कन्हैयालाल के रूप में हुई है।
पूजा के लिए फूल तोड़कर लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, कमला देवी मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पूजा के लिए फूल तोड़ने गई थीं। फूल लेकर वह घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान अकबरपुर-दोस्तपुर मुख्य मार्ग पर बेवाना तिराहा स्थित पाल टेंट हाउस के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
2005 में पति की मौत के बाद संभाली थी परिवार की जिम्मेदारी
कमला देवी के परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्र आकाश मोदनवाल (28) घर के सामने मुख्य मार्ग पर आकाश फास्ट फूड नाम से दुकान चलाते हैं। बेटियों में माया, निशा और शालिनी शामिल हैं। शालिनी अविवाहित है।
परिजनों ने बताया कि वर्ष 2005 में पति कन्हैयालाल के निधन के बाद कमला देवी ने ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों का पालन-पोषण किया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना पर बेवाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रभाकांत तिवारी ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव का पंचनामा कराया जा रहा है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









