आंखों की जांच से सड़क सुरक्षा का संदेश

ऑटो-ई-रिक्शा चालकों का लगा निःशुल्क नेत्र शिविर

  • ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की हुई नेत्र जांच
  • प्रतापपुर कलां में निकाली गई जागरूकता रैली
  • लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील

अंबेडकरनगर। सड़क हादसों में कमी लाने और सुरक्षित यातायात को जनआंदोलन बनाने की दिशा में चल रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तीसरे दिन गुरुवार को स्वास्थ्य सेवाओं, प्रवर्तन और जनसहभागिता को एक साथ जोड़ते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। तहसील तिराहा पर ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया, जबकि ग्राम पंचायत प्रतापपुर कलां में सड़क सुरक्षा रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

चालकों की आंखों की जांच, सुरक्षित सफर का दिया संदेश
तहसील तिराहा पर आयोजित विशेष नेत्र शिविर में ऑटो, ई-रिक्शा चालकों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की निःशुल्क आंखों की जांच की गई। विशेषज्ञों ने चालकों को बेहतर दृष्टि और सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में जानकारी दी। साथ ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पंपलेट बांटकर घर-घर पहुंचाया जागरूकता संदेश
अभियान के दौरान अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और अनुशासन के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है।
गांव में निकली सड़क सुरक्षा रैली
इसी क्रम में ग्राम पंचायत प्रतापपुर कलां में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। ग्रामीणों ने रैली में भाग लेकर सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button