अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में रविवार को पांच वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी। सभी अपने-अपने घर पर मिले। वारंट की जानकारी देने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी को संबंधित न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में बहलोलपुर निवासी रामतीरथ (59), बलया जगदीशपुर निवासी युसुफ (55), डुहिया निवासी सर्वेश (20), सद्दोपुर निवासी पूर्णमासी (48) और बहोरापुर निवासी छोटेलाल (59) शामिल हैं।
किसी पर मारपीट तो किसी पर बंधक बनाने का आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रामतीरथ से जुड़े पुराने मामले में मारपीट, चोट पहुंचाने, किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रोकने या बंधक बनाने, जबरन ले जाने और धमकी देने जैसे आरोप हैं।
युसुफ से संबंधित मामले में मारपीट कर चोट पहुंचाने और गाली-गलौज का आरोप है। वहीं सर्वेश के मामले में कई लोगों के एक साथ मिलकर मारपीट करने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप दर्ज हैं।
पूर्णमासी के मामले में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। जबकि छोटेलाल से जुड़े मामले में समूह बनाकर मारपीट करने, घर में घुसने, मारपीट और गाली-गलौज के साथ धमकी देने के आरोप हैं।









