अंबेडकरनगर। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार बीएनकेबीपीजी कॉलेज, अकबरपुर को मिली है। प्रतियोगिता 13 नवंबर को सुबह नौ बजे से महाविद्यालय परिसर के खेल मैदान में होगी। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की महिला बास्केटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शुचिता पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी संबद्ध महाविद्यालयों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों और क्रीड़ा अधिकारियों से समय से अपनी टीमों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
सुबह 8:30 बजे तक करना होगा रिपोर्ट
आयोजन सचिव एवं महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हरिओम शर्मा ने बताया कि टीमों की प्रविष्टि की पूर्व सूचना मोबाइल नंबर 9627433939 पर देनी होगी। इससे खिलाड़ियों के आवास, भोजन और मैच की समय-सारणी संबंधी व्यवस्थाएं की जा सकेंगी। प्रतिभागी टीमों को 13 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तक पात्रता प्रमाणपत्र, परिचयपत्र और अन्य जरूरी अभिलेखों के साथ प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचना होगा।
चेन्नई में होने वाली प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों के आधार पर अवध विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम 27 से 30 जनवरी 2027 तक चेन्नई के सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में होने वाली अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने बाहर से आने वाली खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों और निर्णायकों के ठहरने, जलपान और सुरक्षा की व्यवस्था की तैयारी की है। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के पदाधिकारी, पर्यवेक्षक और चयनकर्ता भी मौजूद रहेंगे।









