अंबेडकरनगर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी कर जिले की पुलिसिंग का नया एक्शन प्लान तय किया। बैठक में महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, शातिर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, गौकशी पर सख्त रुख, चोरी-लूट की घटनाओं की रोकथाम, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और डग्गामार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था हर हाल में मजबूत रहनी चाहिए। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिला अपराधों में तत्काल कार्रवाई, विवेचना में नहीं चलेगी ढिलाई
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने महिला संबंधी अपराधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। लंबित विवेचनाओं और प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
शातिर अपराधियों की बनेगी सूची, लगातार होगी निगरानी
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय शातिर एवं अभ्यस्त अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर, गुंडा एक्ट सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों पर पहले से नजर रखने के भी निर्देश दिए।









