अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात देवरिया-गिरैया बाजार मार्ग पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में विजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर शहाबुद्दीनपुर गांव के सामने प्राथमिक विद्यालय के पास हुई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिछनापुर गांव निवासी विजय यादव शनिवार रात करीब आठ बजे किन्नूपुर गांव निवासी श्रीप्रकाश दूबे के साथ बाइक से देवरिया बाजार की ओर से घर लौट रहे थे। शहाबुद्दीनपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के सामने पहुंचे, तभी गिरैया बाजार की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी जनार्दन चला रहा था।
टक्कर के बाद विजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। श्रीप्रकाश दूबे और जनार्दन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने विजय यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









