पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में शनिवार रात बर्फबारी हुई, जिसका असर रविवार को मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में अगले दो दिनों तक बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली और राजस्थान में बारिश से बढ़ी ठंड

दिल्ली और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई है। दिल्ली के अलावा 10 जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश के 19 जिलों में पारा 15 डिग्री से नीचे

मध्य प्रदेश में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है चक्रवाती तूफान

मौसम के बदलते मिजाज के बीच बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसके 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। यदि यह तूफान बनता है तो इसका नाम ‘अकवान’ होगा। यह नाम ईरान ने सुझाया है।

यह एक महीने के भीतर बंगाल की खाड़ी से उठने वाला तीसरा तूफान हो सकता है। हालांकि, तूफान बनने और उसके संभावित प्रभाव को लेकर मौसम विभाग के अगले अपडेट पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button