मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 5 मरीजों की आंखों में संक्रमण

मेडिकल बोर्ड की निगरानी में मरीजों का इलाज जारी

  • सरकारी आई हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद बिगड़ी मरीजों की हालत
  • संक्रमण फैलने पर 5 मरीज जयपुर SMS अस्पताल रेफर
  • ऑपरेशन थिएटर सील, जांच के लिए मेडिकल टीम गठित

जयपुर। राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी स्थित राजकीय आई हॉस्पिटल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद पांच मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण फैल गया। संक्रमण के कारण मरीजों की आंखें सफेद पड़ गईं और उनकी दृष्टि पर खतरा मंडराने लगा।

गंभीर हालत में जयपुर रेफर किए गए मरीज

मरीजों की हालत बिगड़ने पर उन्हें बुधवार रात जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया। सभी मरीज रात करीब 9:30 बजे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें ट्रॉमा और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर तुरंत इलाज शुरू किया गया।

मेडिकल बोर्ड ने संभाला इलाज

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि मरीजों का ऑपरेशन 28 जुलाई को कुचामन सिटी में हुआ था। ऑपरेशन के करीब 24 घंटे बाद संक्रमण के लक्षण सामने आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ डॉक्टरों का विशेष मेडिकल बोर्ड गठित कर इलाज शुरू कराया गया।

ऑपरेशन थिएटर सील, जांच शुरू

घटना के बाद कुचामन सिटी के राजकीय आई हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया है। मेडिकल टीम जांच करेगी कि संक्रमण किस कारण फैला और कहीं ऑपरेशन या उपकरणों में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

डॉक्टरों की प्राथमिकता मरीजों की रोशनी बचाना

नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नगेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि मरीजों की आंखों की स्थिति गंभीर है। डॉक्टरों की टीम संक्रमण को फैलने से रोकने और मरीजों की आंखों की रोशनी बचाने के लिए लगातार निगरानी और उपचार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button