उज्जैन। शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से को हटाने को लेकर उज्जैन में सोमवार को तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस और लोगों के बीच टकराव के दौरान दोबारा पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। सुबह भी पथराव की घटना सामने आई थी। घटनाक्रम में एक महिला थाना प्रभारी के घायल होने की जानकारी है।
10 लोगों पर एफआईआर
पुलिस ने पथराव और माहौल बिगाड़ने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल बताए गए हैं। फिलहाल इन पांचों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, बाहर से आए पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर विवाद
विवाद शाही मस्जिद के उस हिस्से को हटाने से जुड़ा है, जो सड़क चौड़ीकरण की जद में बताया गया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने 10 सितंबर को मस्जिद के एक हिस्से को हटाने के खिलाफ दायर याचिकाएं खारिज कर दी थीं और प्रशासन को सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाने की अनुमति दी थी।
खुद हिस्सा हटाने की भी चर्चा
सोमवार को ऐसी खबरें सामने आईं कि मुस्लिम समाज के एक गुट ने मस्जिद के प्रभावित हिस्से को खुद हटाना शुरू किया। रिपोर्टों के अनुसार करीब नौ फीट लंबा और चार फीट चौड़ा हिस्सा हटाया जाना है। हालांकि, मौके पर अलग-अलग पक्षों के बीच मतभेद की भी जानकारी सामने आई है।
हाईकोर्ट में सुनवाई
मामले को लेकर सोमवार को इंदौर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई भी होनी है। मस्जिद को लेकर पहले दायर याचिकाओं पर हाईकोर्ट की एकलपीठ फैसला दे चुकी है, जिसके बाद मामला आगे की न्यायिक प्रक्रिया में पहुंचा है।
बाजार और स्कूल बंद
पथराव वाले क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास के बाजार बंद हैं। आसपास के निजी स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/supreme-court-delhi-minor-gangrape-cases/
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
पुलिस की तैनाती के बीच इलाके में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने और मामले की अगली कानूनी कार्रवाई पर अब हाईकोर्ट की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी।









