
- सरोवर के चारों ओर गंदगी और पानी की कमी पर नाराजगी
- कायाकल्प कार्यों में धीमी गति पर कार्यदायी संस्था को निर्देश
- ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष समीक्षा की तैयारी
अंबेडकरनगर। जिले के कटेहरी विकासखंड अंतर्गत मंशापुर डंम्बर दास बाबा कुटी स्थित अमृत सरोवर का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आनंद शुक्ला ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अमृत सरोवर की सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई, जिस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए बीडीओ कटेहरी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि सरोवर की साफ-सफाई और पानी की उचित व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमृत सरोवर की दुर्दशा देख सीडीओ नाराज
निरीक्षण के दौरान सरोवर की स्थिति अत्यंत दयनीय मिली। सरोवर के चारों ओर कूड़ा-कचरा, गंदगी और पानी की अनुपस्थिति देख सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर जैसी योजनाएं शासन की प्राथमिकता में हैं, और ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीडीओ को सौंपी गई जिम्मेदारी
सीडीओ ने ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कटेहरी को निर्देशित किया कि वे स्वयं अमृत सरोवर की सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और कार्य को जल्द पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि सरोवर को जल्द ही उपयोग योग्य स्थिति में लाया जाए, जिससे ग्रामीणों को उसका वास्तविक लाभ मिल सके।
कायाकल्प कार्यों की प्रगति पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान यूपीएसीएल (UPACL) द्वारा कराए जा रहे कायाकल्प कार्यों की स्थिति भी बेहद धीमी पाई गई। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था की लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।








