- CJP प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का विरोध
- बारिश के बीच भी धरने पर डटे रहे
- अखिलेश और डिंपल यादव ने सरकार को घेरा
- छात्रों पर कार्रवाई को लेकर विपक्ष का हमला
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सांसद चंद्रशेखर आजाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में संसद परिसर के बाहर अंबेडकर प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए हैं। वह सोमवार देर रात से धरने पर हैं। मंगलवार सुबह बारिश होने के बावजूद उन्होंने धरना जारी रखा और छाता लगाकर वहीं बैठे रहे।
चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों और छात्राओं के साथ हुआ व्यवहार बेहद दुखद है। उन्होंने लिखा कि अत्याचार जब अपनी सीमा पार करता है, तभी बदलाव की शुरुआत होती है। उन्होंने मौजूदा घटनाक्रम की तुलना जलियांवाला बाग के काले अध्याय की याद दिलाने वाले दृश्य से की।
उधर, संसद परिसर के बाहर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार कई छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और इससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है।
सपा सांसद डिंपल यादव ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों के साथ संवेदनहीन व्यवहार किया गया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार छात्रों की पीड़ा को नजरअंदाज कर रही है।









