
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला गोमती नगर विस्तार इलाके का है, जहां ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। घायल युवक को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
घायल की पहचान संविदा बिजली कर्मी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। यह घटना 5 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सुधीर कुमार बाइक से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान गोमती नगर विस्तार इलाके में अचानक वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझे से उनका चेहरा और गर्दन बुरी तरह कट गई। दर्द और खून बहने के बावजूद उन्होंने किसी तरह बाइक रोकी।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए मांझा हटाया और उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
इससे कुछ घंटे पहले इसी इलाके के शहीद पथ पर एक रिटायर्ड फौजी का गाल और होंठ चाइनीज मांझे से कट गया था, जिसमें उन्हें करीब 30 टांके लगे थे। वहीं, 4 फरवरी को पुराने लखनऊ में दो मासूम बेटियों के पिता की भी इसी तरह के हादसे में मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है।
खुलेआम बिक रहा प्रतिबंधित मांझा
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री हो रही है। बाजारों और ऑनलाइन माध्यमों से भी यह आसानी से मिल जा रहा है।
सबसे ज्यादा खतरा बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को रहता है। कई बार मांझा गर्दन, चेहरे या आंखों पर लगकर जानलेवा साबित हो जाता है।









