नई दिल्ली। दिल्ली में 16 साल की नाबालिग से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप के मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना को प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर नाकामी बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली महिलाओं के लिए असुरक्षित होती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि करीब 47 किलोमीटर तक चलती बस में नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना हुई, लेकिन दिल्ली और नोएडा पुलिस को इसकी जानकारी तक नहीं हो सकी।
4 अगस्त की घटना, 31 अगस्त को सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की है, जबकि मामले की जानकारी 31 अगस्त को सार्वजनिक की गई। पीड़िता ग्रेटर नोएडा के परी चौक से स्लीपर बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे कश्मीरी गेट पर उतार दिया गया।
पुलिस ने मामले में बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है।









