घरेलू रसोई गैस होगी महंगी- कीमतों में ₹50 का इज़ाफा

  • दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹853 का, उज्ज्वला लाभार्थियों को ₹550 में मिलेगा
  • तेल कंपनियों के घाटे की भरपाई के लिए केंद्र का फैसला
  • महंगाई की मार रसोई तक पहुंची, एलपीजी दरों में फिर इजाफा

नई दिल्ली। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बदलाव किया गया है। सोमवार को केंद्र सरकार ने घोषणा की कि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलो गैस सिलेंडर की कीमत में ₹50 का इजाफा किया जा रहा है। अब दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर ₹853 हो जाएगी। यह बदलाव 8 अप्रैल से प्रभाव में आ जाएगा। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए भी सिलेंडर अब ₹500 की बजाय ₹550 में मिलेगा। इस वृद्धि से सीधे तौर पर आम आदमी की रसोई का बजट प्रभावित होगा।

तेल कंपनियों को घाटा, सरकार ने बढ़ाई दरें

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि तेल कंपनियों को कम कीमत पर सिलेंडर बेचने से भारी घाटा हुआ है। उनका कहना है कि कंपनियों को लगभग ₹41,000 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है, जिसे कम करने के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।

हाल ही में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुए थे सस्ते

बीते सप्ताह 1 अप्रैल को 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमतों में कटौती की गई थी। दिल्ली में इनकी कीमत ₹44.50 घटाकर ₹1762 की गई थी। वहीं, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी सिलेंडरों के दाम घटाए गए थे।

हर महीने कैसे तय होती हैं गैस की कीमतें?

तेल कंपनियां हर महीने LPG सिलेंडर की कीमतें अंतरराष्ट्रीय दरों, डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति और अन्य लागतों को देखकर तय करती हैं। इसके बाद टैक्स और डीलर कमीशन जोड़कर उपभोक्ताओं के लिए खुदरा मूल्य तय किया जाता है। सब्सिडी वाले सिलेंडर पर सरकार लागत का कुछ हिस्सा वहन करती है, जबकि बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की पूरी कीमत ग्राहकों से वसूली जाती है।

Back to top button