बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के सेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें क्रेन की मदद से हवा में लटकाई गई SUV अचानक पलटती हुई नीचे खड़ी एक वैन पर गिरती दिखाई दे रही है। घटना के बाद सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स और अन्य लोग गाड़ी की ओर भागते नजर आते हैं।
वीडियो में आउटडोर सेट पर कार स्टंट की तैयारी दिखाई देती है। स्टंट शुरू होने से पहले उल्टी गिनती की जाती है। इसके बाद हवा में लटकी SUV तेजी से घूमती है और नीचे खड़ी वैन से टकरा जाती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घटना पहले से तय स्टंट का हिस्सा थी या तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई।
इमरान हाशमी के बाल-बाल बचने का दावा
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि स्टंट के दौरान इमरान हाशमी भी वहां मौजूद थे और SUV उनके चेहरे के बेहद करीब से गुजरते हुए वैन पर गिरी। कुछ रिपोर्टों में गाड़ी के उनके चेहरे से करीब एक फीट की दूरी पर गिरने की बात कही गई है।
हालांकि, वायरल वीडियो में इमरान हाशमी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। इसलिए उनकी मौके पर मौजूदगी और गाड़ी से उनकी दूरी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। फिल्म के निर्माताओं की ओर से भी घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
किसी के घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं
अब तक उपलब्ध रिपोर्टों में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद क्रू मेंबर्स को SUV और वैन की ओर जाते देखा जा सकता है। स्टंट के दौरान तकनीकी खराबी हुई या यह शूटिंग का हिस्सा था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने आने का इंतजार है।









